इंदौर, 26 अक्टूबर 2026। इंदौर जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सांवेर वृत्त के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। संयुक्त दल ने सात गांवों में दबिश देकर अवैध मदिरा के विरुद्ध छह प्रकरण पंजीबद्ध किए। कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा जब्त कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन तथा कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। आबकारी विभाग के संयुक्त दल ने अर्जुन बड़ौदा, पूवार्दा दाई, पूवार्दा हप्पा, मकोडिया, बूढ़ी बरलाई, बरलाई जागीर एवं क्षिप्रा सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रबुद्ध नागरिकों के साथ चौपाल लगाकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि वे केवल शासकीय लाइसेंस प्राप्त वैध मदिरा दुकानों से ही मदिरा खरीदें और अवैध स्थानों से मदिरा खरीदने से बचें।
इस अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री धर्मेन्द्र जोशी के नेतृत्व में आबकारी उप निरीक्षक श्रीमती जया मुजाल्दे, वृत्त सांवेर के आबकारी अमले एवं आरक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।