- लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को नगर निगम के जोन क्रमांक 13 में पदस्थ उपयंत्री हर्ष गहलोत को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। कार्रवाई लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई। आरोपी पर पानी के टैंकर का बकाया बिल पास करने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, नायता मुंडला निवासी सोहेल पटेल ने नगर निगम में अपना पानी का टैंकर अटैच कराया था। इसके तीन महीने का 1 लाख 12 हजार 500 रुपए का भुगतान लंबित था। बिल पास करने के लिए लॉगबुक का सत्यापन होना था। आरोप है कि इसके एवज में उपयंत्री हर्ष गहलोत ने 6 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद बुधवार, 28 अक्टूबर को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और चाणक्यपुरी चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए लेते हुए आरोपी को पकड़ लिया।